डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा हैं : महापौर प्रवेश वाही

नई दिल्ली, 6 जुलाई। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर और दिल्ली गेट स्थित शहीदी पार्क में आयोजित कार्यक्रमों में महापौर प्रवेश वाही ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के आदर्श राष्ट्र निर्माण, सुशासन और जनसेवा के लिए आज भी प्रेरणास्रोत हैं तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर स्वच्छ, विकसित और जनहितैषी दिल्ली का निर्माण किया जा सकता है।

सिविक सेंटर में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, नेता सदन जय भगवान यादव, मध्य क्षेत्र की अध्यक्ष योगिता सिंह सहित अनेक पार्षद, निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके बाद महापौर ने दिल्ली गेट स्थित शहीदी पार्क पहुंचकर भी डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी दूरदर्शी राष्ट्रनायक, प्रखर शिक्षाविद् और सिद्धांतनिष्ठ जननेता थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी और जवाबदेह सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। डॉ. मुखर्जी के आदर्श सुशासन, उत्तरदायित्व और जनकल्याण की भावना को मजबूत करते हैं, जिन्हें अपनाकर राजधानी को अधिक स्वच्छ, विकसित और नागरिक हितैषी बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।