दिनदहाड़े 16 लाख की लूट से दहली राजधानी, राजगढ़ कॉलोनी में बदमाशों ने पुलिस को दी खुली चुनौती

नई दिल्ली। राजधानी में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। गांधी नगर के राजगढ़ कॉलोनी इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों ने एक फाइनेंसर के कर्मचारी से 16 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया और कुछ ही सेकंड में फरार हो गए। पूरी सनसनीखेज वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, कर्मचारी नकदी लेकर जैसे ही कार्यालय से बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर हमला बोल दिया। देखते ही देखते बदमाश रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

CCTV फुटेज से साफ संकेत मिलते हैं कि बदमाशों ने पहले से पूरी रेकी और सुनियोजित योजना बनाकर इस लूट को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। हालांकि इस दुस्साहसिक वारदात ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जब दिनदहाड़े करोड़ों नहीं तो लाखों रुपये लेकर चल रहे लोगों को भी सुरक्षा नहीं मिल पा रही, तो आम नागरिक खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेगा।