जनता के बीच पहुंचे मेयर प्रवेश वाही, जनसुनवाई में अधिकारियों को सख्त निर्देश
भाजपा प्रदेश कार्यालय में सुनीं नागरिकों की शिकायतें, कहा— हर समस्या का होगा समयबद्ध समाधान
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के मेयर प्रवेश वाही ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। पानी, सफाई, सीवर, सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों पर लोगों ने अपनी शिकायतें रखीं, जिन पर मेयर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान मेयर प्रवेश वाही ने कहा कि निगम प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और त्वरित समाधान कर नागरिकों को राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत की नियमित निगरानी की जाएगी।

इस अवसर पर गुलशन विरमानी और रितु वोहरा भी मौजूद रहीं। जनसुनवाई के समापन पर प्रदेश प्रतिनिधियों ने इस पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए इस तरह की सीधी संवाद व्यवस्था लोगों का विश्वास मजबूत करती है।
