नई दिल्ली, 15 जुलाई। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल (दक्षिण-पश्चिम रेंज) ने मंजीत महल गैंग के कुख्यात गैंगस्टर लोकेश उर्फ सूर्या को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर राजस्थान पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसके कब्जे से एक रिवॉल्वर, छह जिंदा कारतूस, एक टोयोटा ग्लैंजा कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को इंस्पेक्टर मनेंदर सिंह के नेतृत्व में एसीपी पूरण चंद पंत की निगरानी में गठित टीम ने गुरुग्राम के सेक्टर-29 मार्केट से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर कार से लोडेड रिवॉल्वर और छह कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में स्पेशल सेल थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच में सामने आया कि 33 वर्षीय लोकेश उर्फ सूर्या दिल्ली के नजफगढ़ के गोपाल नगर का निवासी है और वर्ष 2014 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। वह राजस्थान के भिवाड़ी थाने में दर्ज अपहरण और डकैती के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते उस पर इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2019 में भिवाड़ी में उसने अपने साथियों के साथ एक व्यक्ति का अपहरण कर नकदी और एक्सयूवी-500 कार लूट ली थी। वहीं विकासपुरी में रंगदारी नहीं मिलने पर अमित कोचर की गोली मारकर हत्या करने तथा कपासहेड़ा में प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्य नरेश राणा की हत्या में भी उसकी भूमिका सामने आई है।
स्पेशल सेल के अनुसार, आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत 20 से अधिक आपराधिक मामलों में वांछित रहा है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से दिल्ली-एनसीआर में होने वाली कई गंभीर आपराधिक वारदातों की साजिशों को समय रहते विफल किया गया है।
