आप के तीन पार्षदों के निलंबन से एमसीडी की राजनीति में भूचाल, अंकुश नारंग बोले- भाजपा के दबाव और खरीद-फरोख्त की राजनीति का नतीजा

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी द्वारा एमसीडी के तीन पार्षदों निर्मला देवी (शर्मा), कृष्णा देवी राघव और सुल्ताना आबाद को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किए जाने के बाद दिल्ली नगर निगम की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।

अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा पिछले कई महीनों से एमसीडी में लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता के बल पर पार्षदों को प्रभावित करने और राजनीतिक खरीद-फरोख्त का माहौल बनाने में लगी हुई है।

उन्होंने कहा कि पार्टी अनुशासन सर्वोपरि है और जो भी जनादेश तथा पार्टी की विचारधारा के खिलाफ काम करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। तीन पार्षदों का निलंबन इसी सिद्धांत के तहत किया गया है और इससे स्पष्ट संदेश जाता है कि आम आदमी पार्टी अनुशासनहीनता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं करेगी।

नारंग ने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक षड्यंत्र कर रही है, लेकिन आम आदमी पार्टी दिल्लीवासियों के हितों की लड़ाई पहले की तरह मजबूती से लड़ती रहेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और किसी भी राजनीतिक दबाव के आगे झुकने वाली नहीं है।

गौरतलब है कि दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने आदेश जारी कर निर्मला देवी (शर्मा), कृष्णा देवी राघव और सुल्ताना आबिद को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।