आप के तीन पार्षदों के निलंबन पर कांग्रेस का हमला, नाज़िया दानिश बोलीं- भ्रष्टाचार और अवसरवाद की राजनीति बेनकाब
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी द्वारा एमसीडी के तीन पार्षदों निर्मला देवी (शर्मा), कृष्णा देवी राघव और सुल्ताना आबाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के बाद दिल्ली नगर निगम की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को आम आदमी पार्टी की अंदरूनी कलह और राजनीतिक विफलता का प्रमाण बताया है।
दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने कहा कि आम आदमी पार्टी लंबे समय से खुद को ईमानदारी और पारदर्शिता की राजनीति का चेहरा बताती रही, लेकिन आज उसी पार्टी को अपने ही पार्षदों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी पड़ रही है। इससे स्पष्ट है कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि एमसीडी में सत्ता की राजनीति, गुटबाजी और अवसरवाद ने आम आदमी पार्टी की सच्चाई जनता के सामने ला दी है। यदि पार्टी को अपने ही निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को निलंबित करना पड़ रहा है तो यह उसके संगठन और नेतृत्व की विफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने नगर निगम को बेहतर सफाई व्यवस्था, जल निकासी, स्वास्थ्य सेवाओं और विकास कार्यों के लिए चुना था, लेकिन भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में उलझी हुई हैं। इसका खामियाजा दिल्ली की जनता भुगत रही है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों पर मजबूती से खड़ी रही है और एमसीडी में जनता की आवाज़ उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि पार्षदों के निलंबन से यह भी साबित हो गया है कि आम आदमी पार्टी अपने ही जनप्रतिनिधियों का विश्वास बनाए रखने में असफल रही है।
