जंतर-मंतर पर कार्रवाई को लेकर भाजपा पर बरसे अंकुश नारंग, बोले– लोकतांत्रिक आवाज़ दबाने की कोशिश

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली नगर निगम में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।

अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक विरोध की आवाज़ को कुचलने का प्रयास कर रही है। उनका आरोप है कि सादा कपड़ों में पुलिसकर्मी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे, कैमरों की रिकॉर्डिंग रोकने के लिए सफेद चादरों का इस्तेमाल किया गया और पूरी कार्रवाई को सार्वजनिक होने से रोकने की कोशिश की गई।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन भाजपा सरकार विरोध की हर आवाज़ को दबाने में लगी हुई है। नारंग ने आरोप लगाया कि सरकार जनता के सवालों का जवाब देने के बजाय पुलिस बल का सहारा ले रही है।

अंकुश नारंग ने कहा, “जब-जब मोदी सरकार जुल्म करेगी, तब-तब सत्ता के गलियारों में इंकलाब के नारे गूंजेंगे। लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।”

उन्होंने सोनम वांगचुक के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि देश का युवा अन्याय के खिलाफ खड़ा है और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपनी आवाज़ बुलंद करता रहेगा।