भलस्वा का कूड़ा होलंबी कलां में डंप कर नया कूड़ा पहाड़ बना रही भाजपा शासित एमसीडी : अंकुश नारंग

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि भलस्वा लैंडफिल की सच्चाई छिपाने के लिए अब होलंबी कलां में नया कूड़े का पहाड़ खड़ा किया जा रहा है। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने दावा किया कि इससे पहले किराड़ी में कूड़ा डंप किया गया और अब सैकड़ों ट्रकों के जरिए होलंबी कलां में कचरा डाला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह समस्या का समाधान नहीं, बल्कि एक जगह का कूड़ा दूसरी जगह फेंककर नए इलाकों को प्रदूषण और स्वास्थ्य संकट की ओर धकेलने का प्रयास है। 

नारंग ने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी और उसके अधिकारी भलस्वा कूड़े के पहाड़ को खत्म करने का दावा कर रहे हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि कचरे को दूसरे इलाकों में ले जाकर नया डंपिंग स्थल बनाया जा रहा है। उनके अनुसार, इससे आसपास रहने वाले लाखों लोगों के स्वास्थ्य, पर्यावरण और भूजल पर गंभीर खतरा उत्पन्न होगा।

उन्होंने भाजपा मेयर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त से तत्काल होलंबी कलां में कूड़ा डंपिंग रोकने की मांग करते हुए कहा कि जनता के जीवन और पर्यावरण के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगी और दिल्लीवासियों के साथ इस कथित धोखाधड़ी को सफल नहीं होने देगी।

हालांकि, इससे पहले भाजपा की ओर से ऐसे आरोपों का खंडन करते हुए कहा गया है कि भलस्वा से कच्चा कूड़ा नहीं, बल्कि प्रोसेस्ड “इनर्ट” सामग्री का उपयोग भूमि समतलीकरण के लिए किया जा रहा है।