रोहिणी के विकास को मिली रफ्तार, सेक्टर 23, 24 और 25 में ₹48 करोड़ से फुटपाथ निर्माण शुरू: नेता सदन जय भगवान यादव
नई दिल्ली। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा रोहिणी सेक्टर-23, 24 एवं 25 में करीब ₹48 करोड़ की लागत से फुटपाथ निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस पहल का स्वागत करते हुए नेता सदन एवं सदस्य स्थायी समिति जय भगवान यादव ने कहा कि यह लंबे समय से लंबित जनहित का कार्य था, जिसके शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
जय भगवान यादव ने बताया कि सांसद के निरंतर प्रयासों और संबंधित अधिकारियों के समक्ष लगातार उठाए गए मुद्दे के परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण परियोजना धरातल पर उतरी है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान यह विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि फुटपाथों के सामने जलभराव की समस्या न हो तथा वर्षा के पानी की निकासी के लिए प्रभावी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की जाए।
उन्होंने कहा कि बेहतर फुटपाथ और आधुनिक जल निकासी व्यवस्था से क्षेत्र की यातायात सुविधा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे स्थानीय निवासियों को बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।
जय भगवान यादव ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और डीडीए के समन्वित प्रयासों से रोहिणी के सेक्टर-23, 24 एवं 25 की सड़कों के पुनर्निर्माण का कार्य भी शीघ्र शुरू होगा, जिससे पूरे क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
