शाहदरा नॉर्थ जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा ने जताया आभार, बोले— जनसेवा की जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाऊंगा

नई दिल्ली, 23 जुलाई। शाहदरा नॉर्थ जोन के नवनिर्वाचित चेयरमैन पंकज लूथरा ने चेयरमैन का दायित्व मिलने के बाद कार्यालय पहुंचकर शुभकामनाएं देने वाले वरिष्ठ नेताओं, साथी पार्षदों, भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, मित्रों और शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

पंकज लूथरा ने कहा कि उन्हें मिला यह स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि जनसेवा की एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता और सहयोगियों का विश्वास उन्हें पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि शाहदरा नॉर्थ जोन के विकास, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और निगम सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

चेयरमैन बनने के बाद बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों के कार्यालय पहुंचकर शुभकामनाएं देने को क्षेत्र में उनके प्रति बढ़ते विश्वास और समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। पंकज लूथरा ने सभी शुभचिंतकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनहित और विकास के कार्यों को गति देने में सभी का सहयोग अपेक्षित रहेगा।