कांवड़ यात्रा से पहले निगम अलर्ट, मार्गों पर चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

स्वच्छता अभियान उत्तरी जोन में तैयारियों की समीक्षा, चेयरमैन पंकज लूथरा ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश; अतिक्रमण हटाने और अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती के आदेश

पूर्वी दिल्ली, 23 जुलाई। आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और बाधारहित मार्ग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शाहदरा उत्तरी जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बैठक में सहायक आयुक्त, सफाई विभाग तथा मेट्रो वेस्ट के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में चेयरमैन पंकज लूथरा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के सभी प्रमुख मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान तत्काल शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों की नियमित सफाई, समय पर कूड़ा उठाने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने अतिक्रमण विभाग को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों से सभी अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएं। उनका कहना था कि मार्ग पूरी तरह बाधामुक्त रहने से यातायात सुचारु रहेगा और कांवड़ियों की आवाजाही सुरक्षित व निर्बाध होगी।

पंकज लूथरा ने अधिकारियों से विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने और यात्रा अवधि के दौरान स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।