अतिक्रमण, अवैध गतिविधियों और सफाई पर सख्त शाहदरा नॉर्थ ज़ोन, कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर चेयरमैन पंकज लूथरा के निर्देश
दिल्ली, 24 जुलाई 2026। शाहदरा नॉर्थ ज़ोन की वार्ड समिति की पहली बैठक शुक्रवार को चेयरमैन पंकज लूथरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें अतिक्रमण, सफाई व्यवस्था, जनशक्ति की कमी, अवैध गतिविधियों और कांवड़ यात्रा की तैयारियों जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत मंथन हुआ। बैठक की शुरुआत में सभी पार्षदों और जनप्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित चेयरमैन एवं डिप्टी चेयरमैन का स्वागत और अभिनंदन किया।

बैठक में पार्षदों ने ज़ोन में तेजी से बढ़ रहे अतिक्रमण पर गंभीर चिंता जताते हुए तत्काल अभियान चलाने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। इस पर चेयरमैन पंकज लूथरा ने डिप्टी कमिश्नर को स्पष्ट निर्देश दिए कि अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए और दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि शाहदरा नॉर्थ ज़ोन को अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके।
सफाई व्यवस्था को लेकर भी पार्षदों ने संसाधनों और कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाया। प्रत्येक वार्ड में टिपरों की संख्या बढ़ाने, पर्याप्त जनशक्ति उपलब्ध कराने और सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की गई। चेयरमैन ने भरोसा दिलाया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात कर आवश्यक स्वीकृतियां और सहयोग प्राप्त किया जाएगा।

बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कांवड़ मार्गों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए, सभी रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए और श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। चेयरमैन ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा पार्षदों ने अवैध रूप से संचालित जिम, ओयो, मीट शॉप, डेयरी तथा अन्य अवैध गतिविधियों का मुद्दा भी उठाया। चेयरमैन ने संबंधित विभागों को ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में शाहदरा नॉर्थ ज़ोन को स्वच्छ, अतिक्रमण मुक्त और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला आदर्श ज़ोन बनाने के संकल्प के साथ सभी पार्षदों और अधिकारियों ने समन्वय से कार्य करने का निर्णय लिया।
