छात्रों की आवाज़ दबाने के लिए भाजपा अब झूठे आरोपों का सहारा ले रही है : नाज़िया दानिश

नई दिल्ली, 24 जुलाई। दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल की नेता नाज़िया दानिश ने छात्र आंदोलन को लेकर भाजपा नेताओं के बयानों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार छात्रों के सवालों का जवाब देने में विफल हो गई है, तब वह विपक्ष और आंदोलन को बदनाम करने के लिए मनगढ़ंत आरोप गढ़ रही है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि देशभर के छात्र पेपर लीक, बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अव्यवस्था के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठा रहे हैं। लेकिन भाजपा उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय आंदोलन को राजनीतिक और सांप्रदायिक रंग देने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन को हिंदू-मुस्लिम या किसी राजनीतिक दल से जोड़ना युवाओं के संघर्ष का अपमान है। भाजपा के नेता अपनी सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए रोज़ नए आरोप लगा रहे हैं, जबकि देश का युवा रोजगार, पारदर्शी भर्ती और निष्पक्ष परीक्षाओं की मांग कर रहा है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि यदि भाजपा के पास किसी भी आरोप के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य हैं तो उन्हें देश के सामने प्रस्तुत करना चाहिए। केवल प्रेस वार्ताओं और राजनीतिक बयानबाज़ी से सच नहीं बदल जाएगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों और उनके भविष्य की लड़ाई में हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी। केंद्र सरकार को विपक्ष पर आरोप लगाने के बजाय युवाओं के सवालों का जवाब देना चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।