‘मन की बात’ से गूंजा बेगमपुर: प्रधानमंत्री मोदी के संदेश ने कार्यकर्ताओं में भरा राष्ट्रसेवा का नया संकल्प
नेता सदन जय भगवान यादव ने वार्ड-27 के बूथ-267 पर कार्यकर्ताओं व स्थानीय नागरिकों के साथ सुना 'मन की बात' का 136वां एपिसोड
नई दिल्ली। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रसारित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का वार्ड-27 बेगमपुर के रोहिणी सेक्टर-24, पॉकेट-23 स्थित बूथ-267 पर सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में एमसीडी नेता सदन जय भगवान यादव ने स्थानीय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के विचार सुने।यह आयोजन मनोज के आवास पर हुआ, जिसमें आरडब्ल्यूए अध्यक्ष महेश गांधी, बूथ अध्यक्ष, बीएलओ तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

जय भगवान यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि कारगिल के अमर वीरों को श्रद्धांजलि, विकसित भारत के संकल्प और जनभागीदारी को लेकर प्रधानमंत्री का संदेश प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। इससे कार्यकर्ताओं में राष्ट्रसेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और जनकल्याण के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रही है और प्रत्येक कार्यकर्ता इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए सामूहिक रूप से संकल्प भी लिया।
