पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शिव चरण गुप्ता को कांग्रेस की श्रद्धांजलि, देवेन्द्र यादव बोले– जनसेवा और संगठन के प्रति उनका योगदान हमेशा रहेगा प्रेरणास्रोत
नई दिल्ली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रविवार को राजीव भवन में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय शिव चरण गुप्ता की 16वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राजनीतिक और सामाजिक योगदान को स्मरण किया।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि स्वर्गीय शिव चरण गुप्ता का पूरा राजनीतिक जीवन कांग्रेस की विचारधारा, जनसेवा और संगठन को समर्पित रहा। उन्होंने सांसद, विधायक, दिल्ली सरकार में उपमंत्री तथा दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में जनता की सेवा करते हुए समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की आवाज़ को मजबूती से उठाया।
उन्होंने कहा कि शिव चरण गुप्ता का सरल व्यक्तित्व, संगठन के प्रति अटूट निष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। पार्टी और समाज के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा तथा उनके आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर अनिल भारद्वाज, किरण वालिया, इशराक खान, डॉ. पी.के. मिश्रा, भूपेश यादव, शांति स्वरूप, दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह, मंगेश त्यागी, मोहम्मद उस्मान, महिंदर भास्कर, महिंदर मंगला, वरुण ढाका, दिनेश कुमार, जे.पी. पवार, कमल अरोड़ा, नरेश शर्मा, सतबीर शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं स्वर्गीय शिव चरण गुप्ता के परिजन उपस्थित रहे।
