युवा संवाद में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, युवाओं ने ‘Gen-Z with Modi’ अभियान को दिया समर्थन

नई दिल्ली, 26 जुलाई। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने रविवार को आयोजित ‘युवा संवाद (Gen-Z with Modi)’ कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के करीब 50 छात्रों एवं उनके अभिभावकों से संवाद किया। कार्यक्रम में युवाओं ने शिक्षा, राष्ट्र निर्माण और समसामयिक मुद्दों पर खुलकर अपने विचार रखे तथा हस्ताक्षर कर अभियान के प्रति अपनी सहमति भी दर्ज कराई।

संवाद के दौरान वर्ष 2014 से 2026 के बीच उच्च शिक्षा और मेडिकल शिक्षा के विस्तार, पाठ्यक्रम में राष्ट्रीय महत्व के विषयों को शामिल करने तथा अप्रासंगिक अध्यायों को हटाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। युवाओं ने जंतर-मंतर पर हुए सीजेपी के प्रदर्शन पर भी अपनी राय रखते हुए कहा कि किसी भी आंदोलन का उद्देश्य समाज को जोड़ना होना चाहिए। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान हिंदू विरोधी और राष्ट्रविरोधी टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगाते हुए इसे सामाजिक सद्भाव के लिए अनुचित बताया।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से पहले देश में 11 एम्स थे, जो अब बढ़कर 23 हो गए हैं। मेडिकल कॉलेजों की संख्या 387 से बढ़कर 766, एमबीबीएस सीटें 51,348 से बढ़कर 1,15,812 और पीजी सीटें 31,185 से बढ़कर 73,111 हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के अवसर पहले की तुलना में कहीं अधिक बढ़े हैं।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज का युवा जागरूक, आत्मविश्वासी और तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखने वाला है। ऐसे संवाद कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मक सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण सबसे बड़ी ताकत है तथा देश के युवाओं को समाज में विभाजन नहीं बल्कि सकारात्मक संवाद और राष्ट्रहित की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।