नई दिल्ली, 28 जुलाई। दिल्ली नगर निगम में विपक्ष के नेता अंकुश नारंग ने राजधानी में हुई बारिश के बाद विभिन्न इलाकों में हुए जलभराव को लेकर भाजपा सरकार और नगर निगम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की “चार इंजन सरकार” जलभराव रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई है और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री प्रवेश वर्मा तथा मेयर प्रवेश वाही द्वारा किए गए बड़े-बड़े दावों की बारिश ने पोल खोल दी है।

अंकुश नारंग ने कहा कि राजधानी के सबसे बड़े थोक बाजार सदर बाजार में कमर तक पानी भर गया, जिससे व्यापारियों, स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के बीच लोगों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ी, जो सरकार और नगर निगम की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल दावों और प्रचार तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। नारंग ने कहा कि दिल्ली की जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि जलभराव की समस्या से स्थायी समाधान चाहिए, ताकि हर बारिश में राजधानी की सड़कें तालाब में तब्दील न हों।
