द्वारका में बनेगा अत्याधुनिक डॉग शेल्टर, उपराज्यपाल ने किया शिलान्यास

बेसहारा श्वानों के संरक्षण, उपचार और पुनर्वास के लिए आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस, पशु कल्याण की दिशा में एमसीडी की बड़ी पहल

नई दिल्ली, 28 जुलाई। राजधानी दिल्ली में पशु कल्याण और मानवीय शहरी विकास को नई दिशा देते हुए दिल्ली नगर निगम ने द्वारका सेक्टर-29 में अत्याधुनिक डॉग शेल्टर की आधारशिला रखी। उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने मंगलवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास किया। यह डॉग शेल्टर बेसहारा एवं जरूरतमंद श्वानों के संरक्षण, उपचार, पुनर्वास और देखभाल के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा।

शिलान्यास समारोह में मास्टर जय भगवान यादव, नेता सदन, दिल्ली नगर निगम एवं स्थायी समिति सदस्य (बेगमपुर वार्ड-27) ने कहा कि यह परियोजना केवल पशु कल्याण तक सीमित नहीं है, बल्कि संवेदनशील, सुरक्षित और समावेशी दिल्ली के निर्माण की दिशा में दिल्ली नगर निगम की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह शेल्टर पशुओं के बेहतर संरक्षण और देखभाल का नया मॉडल बनेगा।

 

कार्यक्रम में दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक एडवोकेट कैलाश गहलोत, दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, नजफगढ़ वार्ड समिति के अध्यक्ष जयवीर राणा, पार्षद सुनीता, निगम आयुक्त संजीव खिरवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह परियोजना दिल्ली में पशु कल्याण संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ बेसहारा श्वानों के लिए सुरक्षित, वैज्ञानिक और मानवीय देखभाल सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।