रक्षाबंधन पर मिलेगा ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का तोहफा, 1 अगस्त से शुरू होगा आवेदन पोर्टल: मनोज जैन

नई दिल्ली, 28 जुलाई। दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के तहत 1 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन पोर्टल शुरू किया जाएगा। पात्र महिलाएं पोर्टल पर आवेदन कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकेंगी, जिसके बाद रक्षाबंधन के अवसर पर ₹2,500 की पहली किस्त लाभार्थियों के खातों में जारी की जाएगी।

दिल्ली नगर निगम के मनोनीत पार्षद मनोज जैन ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में अपने वादों को लगातार पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता किसी मां की दवा, किसी बेटी की शिक्षा और किसी परिवार के दैनिक खर्च में महत्वपूर्ण सहयोग देगी।

मनोज जैन ने कहा कि ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पात्र महिलाओं से 1 अगस्त से आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की।

उन्होंने दिल्ली सरकार को इस जनकल्याणकारी योजना के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह निर्णय महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित होगा।