बारिश के बाद जलभराव पर सियासत तेज, ‘आप’ और भाजपा आमने-सामने
सदर बाजार से लेकर राजेंद्र नगर तक जलभराव पर विपक्ष का हमला, सरकार ने मिंटो ब्रिज का वीडियो साझा कर तैयारियों का किया बचाव
नई दिल्ली। राजधानी में तेज बारिश के बाद एक ओर जहां कई इलाकों में जलभराव और यातायात बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर मानसून तैयारियों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सदर बाजार का एक वीडियो साझा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कमर तक भरे पानी के कारण अभिभावकों को बच्चों को कंधों पर बैठाकर स्कूल ले जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सबसे बड़े थोक बाजारों में शामिल सदर बाजार में स्कूली बच्चों को कमर तक पानी में होकर गुजरना पड़ा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का शुक्रिया, जेन-जेड के बाद अब जेन-अल्फा भी भाजपा की ऋणी रहेगी।” भारद्वाज ने आरोप लगाया कि जलभराव से दुकानदारों, यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी तथा कई वाहन पानी में फंस गए।उधर, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने ‘एक्स’ पर मिंटो ब्रिज का वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि लगातार बारिश के बावजूद वहां यातायात सामान्य रहा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि मानसून के दौरान लोगों को कम से कम परेशानी हो और जलनिकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाए।
इसी बीच, राजेंद्र नगर स्थित कोचिंग हब में भी भारी जलभराव देखने को मिला। इलाके में कई कारें, मोटरसाइकिल और ऑटो-रिक्शा पानी में आंशिक रूप से डूबे नजर आए। इस दृश्य ने पिछले वर्ष बेसमेंट में पानी भरने से तीन सिविल सेवा अभ्यर्थियों की दर्दनाक मौत की घटना की यादें भी ताजा कर दीं। राजधानी में बारिश के बाद जलभराव को लेकर एक बार फिर सरकार की तैयारियां राजनीतिक बहस का प्रमुख मुद्दा बन गई हैं।
