अब बेगमपुर में हर शुक्रवार मिलेगी आधार कार्ड की सभी सुविधाएं

निगम पार्षद कार्यालय में नए आधार, संशोधन, फोटो अपडेट और बच्चों के आधार बनाने की सुविधा शुरू

 नई दिल्ली। दिल्ली के बेगमपुर क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब आधार कार्ड बनवाने या उसमें किसी भी प्रकार का संशोधन कराने के लिए दूर-दराज के केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बेगमपुर वार्ड-27 स्थित निगम पार्षद कार्यालय, बरवाला रोड पर प्रत्येक शुक्रवार आधार कार्ड से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस जनसेवा पहल के तहत नया आधार कार्ड बनवाने, नाम, पता, जन्मतिथि एवं मोबाइल नंबर में संशोधन, फोटो अपडेट, पता परिवर्तन, बच्चों का आधार कार्ड बनवाने तथा आधार पीवीसी कार्ड के लिए आवेदन की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी।

दिल्ली नगर निगम में नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य मास्टर जय भगवान यादव ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रवासियों को उनके घर के नजदीक आधार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने नागरिकों से निर्धारित दिवस पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निगम पार्षद कार्यालय पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।