धर्मवीर सिंह सख्त: जनता की शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के ग्रीन पार्क ज़ोन में आयोजित दक्षिणी ज़ोन की वार्ड समिति की महत्वपूर्ण बैठक में चेयरमैन धर्मवीर सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में दक्षिणी ज़ोन के उपायुक्त (आईएएस) राकेश कुमार सहित सभी विभागाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय अधिकारी मौजूद रहे। स्वच्छता, जलभराव, नालों की सफाई, सड़कों के रखरखाव, पार्कों के विकास, कचरा प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की गई। लंबित कार्यों पर अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

धर्मवीर सिंह ने कहा कि दक्षिणी ज़ोन के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित दक्षिणी ज़ोन के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करने का निर्देश दिया।