दिल्ली में कचरा प्रबंधन की नई शुरुआत, महापौर प्रवेश वाही ने लॉन्च किया ‘एरोबिन’ मॉडल
रोहिणी से 'जीरो वेस्ट' अभियान का आगाज; अब एक बिन में 10 किलो गीला कचरा बनेगा जैविक खाद, लैंडफिल पर बोझ घटाने की दिशा में बड़ा कदम
नई दिल्ली, 2 अगस्त। राजधानी दिल्ली में कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था को नई दिशा देने के उद्देश्य से दिल्ली नगर निगम ने रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने रोहिणी सेक्टर-15 स्थित श्री अपार्टमेंट हाउसिंग सोसाइटी में अत्याधुनिक एरोबिन का लोकार्पण करते हुए राजधानी में ‘स्रोत पर कचरा निस्तारण’ अभियान को गति दी। महापौर ने कहा कि यदि प्रत्येक हाउसिंग सोसाइटी अपने परिसर में गीले कचरे का निस्तारण स्वयं करने लगे तो दिल्ली के तीनों लैंडफिल स्थलों पर पड़ने वाला बोझ काफी हद तक कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर ने बताया कि वैज्ञानिक तकनीक पर आधारित एरोबिन में एक बार में 10 किलोग्राम गीले कचरे को बायो कल्चर की सहायता से लगभग 40 दिनों में जैविक कंपोस्ट खाद में परिवर्तित किया जा सकता है। पूरी प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की दुर्गंध नहीं आती और कचरे का निस्तारण उसी स्थान पर हो जाता है, जहां वह उत्पन्न होता है। इससे कचरे के पृथक्करण (सेग्रीगेशन) को भी व्यापक बढ़ावा मिलेगा।
महापौर प्रवेश वाही ने राजधानी की सभी आरडब्ल्यूए, ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों, संस्थानों और नागरिकों से इस अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान करते हुए कहा कि “छोटी-छोटी पहल ही बड़े बदलाव का आधार बनती हैं। यदि हर कॉलोनी अपने गीले कचरे का निस्तारण स्वयं करे तो दिल्ली को स्वच्छ, हरित और लैंडफिल मुक्त बनाने का लक्ष्य तेजी से हासिल किया जा सकता है।”
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में दिल्ली नगर निगम ने स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए अपने सफाई बेड़े में अनेक अत्याधुनिक मशीनें और उपकरण शामिल किए हैं। इन तकनीकों की मदद से राजधानी में सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी, तेज और पारदर्शी बनाया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दिल्लीवासियों से घर-घर कचरे का पृथक्करण अपनाने, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के इस जन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

स्वास्थ्य जांच शिविर का भी शुभारंभ
इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही ने स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया।
