सिविक सेंटर से बाकनेर गांव तक डीटीसी की नई बस सेवा शुरू
जय भगवान यादव और सत्या शर्मा ने दिखाई हरी झंडी, छात्रों, महिलाओं, कर्मचारियों व वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी बड़ी राहत
नई दिल्ली, 4 अगस्त। राजधानी के बाहरी दिल्ली क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए मंगलवार को बड़ी सौगात मिली। दिल्ली नगर निगम मुख्यालय (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर) से बाकनेर गांव तक दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की नई बस सेवा का शुभारंभ किया गया। दिल्ली नगर निगम के नेता सदन जय भगवान यादव और स्थायी समिति अध्यक्षा सत्या शर्मा ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई सेवा से नरेला क्षेत्र सहित पूरे मार्ग पर रहने वाले छात्रों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, कर्मचारियों और दैनिक यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं किफायती सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।

नई बस सेवा रूट संख्या-131 पर संचालित होगी। बस सुबह 8:00 बजे और 8:30 बजे बाकनेर गांव से सिविक सेंटर के लिए रवाना होगी, जबकि शाम 5:45 बजे और 6:30 बजे सिविक सेंटर से बाकनेर गांव लौटेगी। यह बस सिविक सेंटर, राजघाट, आईएसबीटी, मुकरबा चौक और शनि मंदिर होते हुए बाकनेर गांव तक पहुंचेगी।

बस सेवा के शुभारंभ के अवसर पर नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि दिल्लीवासियों को बेहतर, सुरक्षित और किफायती सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने नई सेवा शुरू कराने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बस सेवा लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग थी, जिसके शुरू होने से हजारों लोगों का सफर आसान होगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन के विस्तार से न केवल लोगों का समय बचेगा, बल्कि सड़क यातायात भी अधिक व्यवस्थित होगा।

स्थायी समिति अध्यक्षा सत्या शर्मा ने कहा कि मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था आधुनिक और विकसित दिल्ली की पहचान है। नई बस सेवा से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, ट्रैफिक का दबाव घटेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर नागरिक सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रहा है।
कार्यक्रम में नरेला वार्ड समिति के उपाध्यक्ष दिनेश भारद्वाज, पार्षद राजपाल राणा, निगम के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नई बस सेवा को बाहरी दिल्ली की संपर्क व्यवस्था मजबूत करने और क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
