नगर निगम के संविदा कर्मचारियों को मिल सकती है राहत, नीति बनाने की तैयारी तेज

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को सिविक सेंटर में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त आयुक्तों के साथ विभिन्न विभागों के सभी विभागाध्यक्ष (HOD) मौजूद रहे। बैठक में वर्षों से कार्यरत संविदा कर्मचारियों के हितों, संविदा पर नियुक्त डॉक्टरों के नियमितीकरण, डॉग शेल्टर निर्माण तथा दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए समन्वित व्यवस्था बनाने जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। 

बैठक में लंबे समय से निगम में कार्यरत संविदा कर्मचारियों के लिए एक समान एवं पारदर्शी नीति तैयार करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों से विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों का पूरा विवरण, रिक्त पदों की स्थिति तथा नियमितीकरण की संभावनाओं पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। 

इसके अलावा, संविदा पर कार्यरत डॉक्टरों के नियमितीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई, ताकि निगम के स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत बनाया जा सके। बैठक में आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान के लिए दिल्ली के सभी जोनों में डॉग शेल्टर विकसित करने की योजना और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही राजधानी में बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त समिति (Group of Departments) बनाकर वर्षभर कार्ययोजना तैयार करने और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श किया गया। 

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े इन सभी प्रस्तावों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और आवश्यक नीति संबंधी मसौदे जल्द तैयार कर समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं।