निगम मुख्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य समारोह, महापौर प्रवेश वाही ने फहराया तिरंगा

निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां, महापौर बोले—प्रतिभा में निजी स्कूलों से कम नहीं निगम स्कूलों के बच्चे

नई दिल्ली, 14 अगस्त। दिल्ली नगर निगम मुख्यालय स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर के प्रांगण में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों सहित समस्त दिल्लीवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, निगमायुक्त संजीव खिरवार सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद निगम मुख्यालय के सभागार में निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

महापौर प्रवेश वाही ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि निगम विद्यालयों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से साबित किया है कि वे प्रतिभा के मामले में किसी भी निजी विद्यालय के विद्यार्थियों से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि निगम विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल, संस्कृति, कला और अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी जोर दिया जा रहा है।

प्रवेश वाही ने कहा, “मुझे इस बात पर विशेष गर्व है कि मैंने स्वयं दिल्ली नगर निगम के विद्यालय से शिक्षा प्राप्त की है। आज निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते देखकर मुझे अत्यंत प्रसन्नता होती है। यदि बच्चों को उचित अवसर और आवश्यक संसाधन मिलें तो वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।”

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानीवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। निगम का लक्ष्य दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ और विकसित राजधानी बनाना है।

उन्होंने कहा कि निगम अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ नागरिक सेवाओं को बेहतर बनाने में जुटे हैं। कर्मचारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ नागरिक सुविधाओं में सुधार निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए दिल्ली को और स्वच्छ एवं बेहतर बनाने के लिए इसी भावना से कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर निगमायुक्त संजीव खिरवार ने दिल्ली नगर निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने कर्मचारियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता के साथ करने का आह्वान किया।