कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की हत्या पर अंकुश नारंग का भाजपा सरकार पर हमला
‘दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद, जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही’
नई दिल्ली। कल्याणपुरी में रविवार सुबह सफाई कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या की घटना पर दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजधानी में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और खुलेआम हत्या की घटनाएं दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद दिल्ली में लगातार हत्या, लूट और अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि कल्याणपुरी में सफाई कर्मचारी की खुलेआम चाकू मारकर हत्या बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दिल्ली की जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। राजधानी में आम नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर दिल्ली में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी किसकी है और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए सरकार क्या कर रही है?
अंकुश नारंग ने सरकार से मांग की कि हत्याकांड के आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली को अपराधियों के हवाले नहीं छोड़ा जा सकता और सरकार को राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर जनता को जवाब देना होगा।
