सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अफसरों की तय होगी जिम्मेदारी- सत्या शर्मा

नई दिल्ली। दिल्ली की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम की स्टैंडिंग कमेटी की विशेष बैठक में पार्षदों ने कर्मचारियों और संसाधनों की कमी से लेकर ढलावघरों, ऑटो टिपरों, खाली प्लॉटों और संकरी गलियों में सफाई व्यवस्था की बदहाली के मुद्दे उठाए। स्टैंडिंग कमेटी की चेयरपर्सन सत्या शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित उपायुक्तों व सफाई अधीक्षकों की जिम्मेदारी तय की जाए।

बैठक में पार्षदों ने वार्डों में सफाई कर्मचारियों की कमी, सफाई कार्य के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं होने, ऑटो टिपरों की कमी, ढलावघरों की नियमित सफाई नहीं होने तथा सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़े और गोबर की समस्या का मुद्दा उठाया। खाली प्लॉटों में कूड़ा जमा होने और छोटी व संकरी गलियों में नियमित सफाई नहीं होने की समस्या पर भी विशेष ध्यान देने की मांग की गई।

बार-बार कूड़ा जमा होने वाले स्थानों की बनेगी सूची

चेयरपर्सन ने निर्देश दिया कि दिल्ली में उन सभी स्थानों की विस्तृत सूची तैयार की जाए जहां बार-बार कूड़ा जमा होता है। उन्होंने कहा कि किसी ब्लैक स्पॉट की एक बार सफाई कर देना पर्याप्त नहीं है। ऐसे स्थानों पर स्थायी स्थानीय व्यवस्था विकसित की जाए, ताकि दोबारा कूड़ा जमा न हो और नियमित निगरानी भी की जाए।

घर-घर कूड़ा उठाने की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

हर वार्ड में घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों से कूड़ा नियमित और समय पर उठाने पर जोर दिया गया। जहां बार-बार कूड़ा जमा होने की शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष निगरानी कर समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

गीले-सूखे कूड़े के अलगाव पर जोर

बैठक में स्रोत स्तर पर गीले और सूखे कूड़े को अलग करने की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए आरडब्ल्यूए, बाजार संगठनों और स्थानीय संस्थाओं को अभियान से जोड़ने तथा बड़े स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई।

अवैध सीएंडडी कचरा डालने वालों पर कार्रवाई

सड़कों, खाली प्लॉटों और सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) कचरा डालने वालों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ऐसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर चालान करने को कहा गया।

ढलावघरों की सफाई में लापरवाही पर नजर

सभी ढलावघरों की नियमित सफाई और वहां से समय पर कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और निगरानी करने को कहा गया, ताकि ढलावघरों के आसपास कूड़ा और गंदगी का ढेर न लगे।

शिकायत लंबित रखने पर भी होगी निगरानी

सफाई से संबंधित जनता की शिकायतों को लंबित नहीं रखने के निर्देश दिए गए। शिकायत मिलने के बाद समयबद्ध कार्रवाई करने और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी देने पर जोर दिया गया।

सत्या शर्मा ने कहा कि ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान की सफलता सिर्फ कूड़े के ढेर हटाने से नहीं मापी जाएगी। असली सफलता तब होगी, जब जिस स्थान से कूड़ा हटाया गया है, वह दोबारा कूड़ा डालने का स्थान न बने। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान के साथ स्थायी और प्रभावी कचरा प्रबंधन व्यवस्था विकसित करना जरूरी है। इस मौके पर नेता सदन जय भगवान यादव , सत्यपाल सिंह जगमोहन महलावत शशि यादव मुनेश डेढ़ा सहित कई स्थायी समिति सदस्य पार्षद मौजूद रहे।

स्टैंडिंग कमेटी सदस्य नेता सदन  जय भगवान यादव ने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों और पार्षदों के सुझावों पर गंभीरता से अमल करने को कहा। साथ ही सभी पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान की निगरानी करने और स्थानीय निवासियों को इसमें सक्रिय रूप से जोड़ने की अपील की।