नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत करीब 4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को समान वेतन का लाभ मिलने पर कर्मचारियों ने शुक्रवार को स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा का अभिनंदन किया। कर्मचारियों ने इस फैसले को अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए उनका आभार जताया।
इस मौके पर सत्या शर्मा ने कहा कि एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारी लंबे समय से निगम की जनस्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके कार्य और जिम्मेदारियों को देखते हुए समान वेतन का लाभ मिलना उनके अधिकार और सम्मान से जुड़ा विषय था।उन्होंने बताया कि इस निर्णय से पात्र कर्मचारियों के वेतन में करीब 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक की वृद्धि होगी। इससे लगभग 4,400 कर्मचारी और उनके परिवार सीधे लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि समान वेतन मिलने से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक उत्साह व समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
डेंगू-मलेरिया की रोकथाम में अहम भूमिका
सत्या शर्मा ने कहा कि एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारी डेंगू, मलेरिया सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी सेवाएं सीधे दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी हैं।उन्होंने कहा कि निगम कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाना उनकी जिम्मेदारी है। कर्मचारियों को उनके कार्य और जिम्मेदारियों के अनुरूप उचित वेतन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।
स्थायी समिति अध्यक्ष ने कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली की जनस्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समान वेतन का लाभ मिलने के बाद कर्मचारी और अधिक उत्साह के साथ दिल्लीवासियों की सेवा करेंगे।
