4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को समान वेतन, महापौर कार्यालय में उमड़ा खुशी का माहौल

कर्मचारियों ने महापौर प्रवेश वाही का फूल-मालाओं और मिठाई से किया स्वागत, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और महापौर के प्रयासों को बताया ऐतिहासिक कदम

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के जन स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत 4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को समान वेतन का लाभ मिलने के बाद शुक्रवार को निगम मुख्यालय में खुशी का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने महापौर प्रवेश वाही से मुलाकात कर उनका आभार जताया। कर्मचारियों ने महापौर को फूल-मालाएं पहनाईं और मिठाई खिलाकर समान वेतन का लाभ मिलने पर खुशी जाहिर की।

कर्मचारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और महापौर प्रवेश वाही के प्रयासों से लंबे समय से लंबित समान वेतन की मांग पूरी हुई है। उन्होंने इसे अपने लिए ही नहीं, बल्कि अपने परिवारों के लिए भी बड़ी राहत बताया। कर्मचारियों के मुताबिक, समान वेतन मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उनका मनोबल भी बढ़ेगा।

कर्मचारियों ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर उन्हें समान वेतन का तोहफा मिला है। उन्होंने दावा किया कि जिस मांग को लेकर वे लंबे समय से संघर्ष कर रहे थे, उसे वर्तमान निगम प्रशासन ने पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाया है।

इस मौके पर महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि 4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को समान वेतन का लाभ मिलने से कर्मचारियों में उत्साह है। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन केवल वादे करने में विश्वास नहीं करता, बल्कि उन्हें पूरा करने की दिशा में भी काम करता है।

महापौर ने कहा कि एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारी दिल्ली में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम और जन स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके परिश्रम और सेवाओं को देखते हुए समान वेतन का निर्णय उनके मनोबल को बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि यह फैसला 4,400 कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके परिवारों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। कर्मचारियों की आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मजबूत होने से उनके परिवारों के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम का उद्देश्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए उन्हें उनके कार्य, दायित्व और जिम्मेदारियों के अनुरूप उचित एवं समान वेतन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि निगम के कर्मचारी दिल्ली की स्वच्छता और जन स्वास्थ्य व्यवस्था में दिन-रात महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके योगदान को सम्मान देना निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है।

महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में निगम के विकास तथा कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। निगम प्रशासन का प्रयास दिल्ली को स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित बनाने के साथ-साथ कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण और सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।