नई दिल्ली। दिल्ली को कूड़े से आजादी दिलाने के संकल्प को जमीन पर उतारने की दिशा में नगर निगम ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। सेक्टर-13 फार्मर्स सोसाइटी में दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने नए एरोबिन का शुभारंभ किया। एरोबिन के माध्यम से घरों और सोसाइटी से निकलने वाले गीले कचरे का स्थानीय स्तर पर प्रबंधन कर उसे उपयोगी खाद में परिवर्तित किया जाएगा।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि गीले कचरे को कूड़े के ढेर तक पहुंचाने के बजाय उसी स्थान पर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करना स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल दिल्ली के निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम है। एरोबिन जैसी पहल से कचरे की मात्रा कम करने के साथ-साथ जैविक कचरे से खाद तैयार की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ केवल अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए नगर निगम के साथ आरडब्ल्यूए, सोसाइटियों और आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। गीले और सूखे कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण तथा गीले कचरे का स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सेक्टर-13 फार्मर्स सोसाइटी में एरोबिन की शुरुआत से स्थानीय स्तर पर कचरा प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा और तैयार खाद का उपयोग हरियाली एवं बागवानी में किया जा सकेगा। महापौर ने ऐसे प्रयासों को दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
