कूड़ा हटाओ, कब्जे तोड़ो, गड्ढे भरो—होलंबी कलां में जय भगवान का निगम को सीधा अल्टीमेटम!
मेट्रो विहार में नालियों की सफाई के आदेश, सड़क किनारे मलबा हटेगा; जर्जर शौचालयों पर भी लिया जाएगा फैसला
नई दिल्ली, 9 सितंबर। दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान के तहत बुधवार को बाहरी उत्तर क्षेत्र के वार्ड नंबर-3 होलंबी कलां में निगम का एक्शन मोड दिखाई दिया। नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने मौके पर पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि इलाके में गंदगी, अतिक्रमण, मलबे और बदहाल सड़कों को लेकर किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मेट्रो विहार की नालियों की सफाई, सड़क किनारे पड़े मलबे को हटाने और सड़कों के गड्ढों को जल्द भरने के निर्देश दिए गए। वार्ड में अतिक्रमण की स्थिति को देखते हुए विशेष अभियान चलाकर कब्जे हटाने को कहा गया।
जर्जर सामुदायिक शौचालयों पर भी कड़ा रुख
मेट्रो विहार के सामुदायिक शौचालयों की बदहाल स्थिति पर जय भगवान यादव ने नाराजगी जताई। जीर्ण-शीर्ण पड़े शौचालयों को हटाकर उस स्थान के बेहतर उपयोग की योजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। मेट्रो विहार पार्क की क्षतिग्रस्त चारदीवारी को भी दुरुस्त कराने को कहा गया।

‘कागजी सफाई’ नहीं, जमीन पर दिखेगा असर
जय भगवान यादव ने कहा कि दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान केवल औपचारिकता नहीं है। निगम अधिकारी वार्डों में जाकर वास्तविक स्थिति देखें और जहां कमी मिले, वहां तत्काल सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने पेड़ों की छंटाई कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों और निगम कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने लोगों से अपील की कि सफाई अभियान को सफल बनाने के लिए निगम के साथ नागरिक भी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधारोपण
जय भगवान यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘एक पेड़ मां के नाम’ मुहिम के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा करना सामूहिक जिम्मेदारी है।इस दौरान उत्तरी बाहरी क्षेत्र की अध्यक्ष जनता देवी, स्थानीय पार्षद नेहा मिश्रा, उपायुक्त राघवेंद्र मीणा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
