छात्रों के अधिकारों की लड़ाई के लिए डूसू में एनएसयूआई को जिताएं : नाज़िया दानिश

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता नाज़िया दानिश ने दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों से आगामी डूसू चुनाव में एनएसयूआई पैनल को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई ही वह छात्र संगठन है, जो छात्रों के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और लोकतांत्रिक आवाज के लिए मजबूती से संघर्ष करता है।

नाज़िया दानिश ने कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन और छर्रे चलाए जाने के खिलाफ राहुल गांधी ने मजबूती से आवाज उठाई। उन्होंने घायल छात्रों से मुलाकात कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। नाज़िया ने कहा कि यह कांग्रेस की ताकत है कि वह छात्रों के साथ खड़ी होकर उनके अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सत्ता के गलियारों तक लड़ती है।

उन्होंने कहा कि डूसू में एनएसयूआई की जीत का मतलब छात्रों की आवाज की जीत होगी। एनएसयूआई दिल्ली विश्वविद्यालय में लोकतांत्रिक माहौल मजबूत करने, छात्रों के साथ भेदभाव खत्म करने और उनकी समस्याओं को विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने प्रभावी ढंग से उठाने का काम करेगा।

नाज़िया दानिश ने कहा कि एनएसयूआई लाइब्रेरी, हॉस्टल, किफायती फीस, पेयजल, साफ-सफाई और वाई-फाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करेगा। साथ ही महिला छात्रों की सुरक्षा और सभी विद्यार्थियों को बिना भेदभाव समान अवसर दिलाना संगठन की प्राथमिकता होगी।

उन्होंने सत्या निकेतन हादसे का हवाला देते हुए कहा कि पीजी और किराए के कमरों में रहने वाले छात्रों की सुरक्षा भी बड़ा मुद्दा है। एनएसयूआई सुरक्षित और किफायती हॉस्टल-पीजी, बेहतर सुविधाओं और कड़े सुरक्षा नियमों की मांग को मजबूती से उठाएगा।

नाज़िया दानिश ने छात्रों से अपील की कि वे अपने अधिकारों, सुरक्षा और बेहतर भविष्य के लिए डूसू चुनाव में एनएसयूआई के पैनल के पक्ष में मतदान करें और उसे भारी बहुमत से विजयी बनाएं।