निगम अस्पतालों से लेकर खाद्य सुरक्षा तक, हेल्थ कमेटी ने कसी कमर
स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष विकेश सेठी ने अधिकारियों और पार्षद सदस्यों के साथ की अहम बैठक, अस्पतालों की व्यवस्था सुधारने, खाद्य पदार्थों की निगरानी बढ़ाने और बेसहारा गायों को गौशालाओं तक पहुंचाने के दिए निर्देश
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की स्वास्थ्य समिति ने राजधानी की स्वास्थ्य व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर मोर्चा संभाल लिया है। स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष विकेश सेठी ने स्वास्थ्य विभाग के सभी संबंधित अधिकारियों और पार्षद सदस्यों के साथ बैठक कर निगम की स्वास्थ्य सेवाओं, खाद्य पदार्थों की निगरानी, बेसहारा पशुओं तथा यातायात व्यवस्था से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में अधिकारियों को विभिन्न मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निगम अस्पतालों की व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में निगम के सभी अस्पतालों की मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए इस बात पर जोर दिया गया कि मरीजों को बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। अस्पतालों में व्यवस्थाओं को और मजबूत करने, कमियों को चिन्हित कर दूर करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।
विकेश सेठी ने कहा कि निगम के अस्पताल आम जनता के लिए स्वास्थ्य सेवा का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जाए और उनका समाधान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उनका कहना था कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का सीधा लाभ दिल्ली की जनता को मिलना चाहिए।
खाद्य पदार्थों की जांच और निगरानी होगी और सख्त
दिल्ली में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भी बैठक में गंभीर चर्चा हुई। समिति ने खाद्य पदार्थों की जांच एवं निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अधिकारियों से कहा गया कि बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विभागीय निगरानी लगातार बनी रहे और जहां नियमों का उल्लंघन मिले, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
विकेश सेठी ने कहा कि दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। खाद्य पदार्थ सीधे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े हैं, इसलिए उनकी गुणवत्ता और सुरक्षा की निगरानी मजबूत होना जरूरी है। विभागीय अधिकारियों को जमीनी स्तर पर निगरानी व्यवस्था प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़कों पर बेसहारा गायों से लेकर यातायात तक पर मंथन
बैठक में दिल्ली की सड़कों पर बेसहारा घूमने वाली गायों के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। समिति अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बेसहारा गायों को जल्द से जल्द सुरक्षित रूप से गौशालाओं तक पहुंचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। इससे पशुओं की सुरक्षा के साथ सड़कों पर यातायात को सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
सेठी ने कहा कि दिल्ली में स्वास्थ्य और नागरिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को अलग-अलग करके नहीं देखा जा सकता। अस्पतालों की बेहतर व्यवस्था, सुरक्षित खाद्य पदार्थ, सड़कों पर यातायात की सुगमता और बेसहारा पशुओं की समस्या—इन सभी पर विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि बैठकों में लिए गए निर्णयों का असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए और जनता को उसका सीधा लाभ मिलना चाहिए।
