छठ महापर्व और पूर्वांचल की माताओं-बहनों का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा, कॉमेडियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करे पुलिस : संतोष ओझा

सिंदूर जैसी सुहाग की पवित्र निशानी पर अश्लील टिप्पणी करोड़ों महिलाओं की धार्मिक आस्था और सम्मान पर चोट

नई दिल्ली, 25 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी दिल्ली प्रदेश पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में कॉमेडियन यश मेहरोत्रा द्वारा छठ महापर्व के पवित्र सिंदूर को लेकर की गई कथित अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से संबंधित कॉमेडियन के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

संतोष ओझा ने मोर्चा प्रभारी विपिन बिहारी सिंह और सह प्रभारी ब्रजेश राय के साथ दरियागंज थाने में डीसीपी रोहित राजवीर सिंह को शिकायत सौंपते हुए कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार और पूरे पूर्वांचल की आस्था, संस्कृति, परंपरा और गौरव का प्रतीक है। मनोरंजन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर करोड़ों महिलाओं की धार्मिक भावनाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान करने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती।

ओझा ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान माताएं और बहनें अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और खुशहाली के लिए कठिन व्रत रखती हैं। ऐसे पवित्र पर्व में सिंदूर जैसी सुहाग की निशानी को लेकर अश्लील टिप्पणी करना करोड़ों महिलाओं की भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है। यह किसी एक क्षेत्र या समाज का नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का अपमान है।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता और चंद व्यूज हासिल करने के लिए धार्मिक परंपराओं और महिलाओं के सम्मान को निशाना बना रहे हैं। ऐसे लोगों को समझना चाहिए कि भारत की सांस्कृतिक आस्था मनोरंजन का विषय नहीं है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की भी अपनी मर्यादा होती है और उसका उल्लंघन करने वालों को कानून के दायरे में जवाब देना होगा।

संतोष ओझा ने दिल्ली पुलिस से मांग की कि वायरल वीडियो और आपत्तिजनक टिप्पणियों की निष्पक्ष जांच कर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए और जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूर्वांचल की माताओं-बहनों का सम्मान कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक अस्मिता का सवाल है। छठी मैया के प्रति आस्था और महिलाओं के सम्मान पर चोट करने वालों के खिलाफ आवाज उठाना हमारी जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों में समाज चुप नहीं रह सकता।