बकाया संपत्ति कर नहीं चुकाने पर तीन वाणिज्यिक संपत्तियां अटैच, 19 लाख रुपये की वसूली के लिए निगम की कार्रवाई

मुबारकपुर डबास वार्ड के अगर नगर और प्रवेश नगर में हुई कार्रवाई, कई नोटिस के बावजूद जमा नहीं किया था संपत्ति कर

नई दिल्ली, 26 नवंबर। दिल्ली नगर निगम ने संपत्ति कर की बकाया राशि वसूलने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत निगम ने उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के मुबारकपुर डबास वार्ड में तीन वाणिज्यिक संपत्तियों को अटैच कर लिया। इन संपत्तियों पर करीब 19 लाख रुपये का संपत्ति कर बकाया था।

निगम के अनुसार, अगर नगर और प्रवेश नगर इलाके में स्थित इन संपत्तियों के मालिकों को कई बार नोटिस जारी कर बकाया कर जमा कराने का अवसर दिया गया था। इसके बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर निगम ने अटैचमेंट की कार्रवाई की।

दिल्ली नगर निगम ने संपत्ति मालिकों से निर्धारित समय पर संपत्ति कर जमा करने की अपील की है। निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया कर का भुगतान नहीं करने पर डीएमसी अधिनियम के तहत संपत्ति अटैच करने, जब्त करने और सील करने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।

निगम का कहना है कि राजस्व वसूली सुनिश्चित करने और संपत्ति कर नियमों का पालन कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।