निगम सदन में 2,500 सफाई कर्मचारियों की भर्ती का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
प्रदूषण, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं पर पार्षदों ने की चर्चा, महापौर प्रवेश वाही ने कहा- जनहित के फैसलों को राजनीतिक व्यवधान से प्रभावित नहीं होने देंगे
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में राजधानी की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में 2,500 अवकाशकालीन वैकल्पिक सफाई कर्मचारियों की भर्ती का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। महापौर प्रवेश वाही ने इसे दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि सदन में प्रदूषण, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं जैसे गंभीर मुद्दों पर विभिन्न दलों के पार्षदों ने सार्थक चर्चा की और महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इन विषयों का सीधा संबंध दिल्ली के नागरिकों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से है। इसलिए इन पर सभी जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने बताया कि 2,500 वैकल्पिक सफाई कर्मचारियों की भर्ती से विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न की जाएगी।
वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक व्यवधानों के कारण जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा।

बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं भी उठाईं। इनमें सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति, बुनियादी ढांचे का विकास, नागरिक सुविधाओं में सुधार और स्थानीय समस्याओं के समाधान जैसे मुद्दे शामिल रहे। महापौर ने कहा कि निगम का प्रयास दिल्ली के प्रत्येक क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।
