हर वार्ड को मिलेंगी 50 स्ट्रीट लाइट और 10 बिजली के खंभे, मेयर प्रवेश वाही ने सदन में की घोषणा
मुकेश गोयल ने गरीब महिलाओं को 10-10 सिलाई मशीनें देने और पिछले बजट की घोषणाओं को लागू करने की उठाई मांग
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के सभी 250 वार्डों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक पार्षद को 50-50 स्ट्रीट लाइट और 10-10 बिजली के खंभे उपलब्ध कराए जाएंगे। महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को निगम सदन की बैठक में यह घोषणा की। इस मुद्दे को वरिष्ठ निगम पार्षद एवं नियुक्ति, पदोन्नति एवं अनुशासन समिति के अध्यक्ष मुकेश गोयल ने प्रमुखता से उठाया था।
सदन की बैठक में मुकेश गोयल ने कहा कि राजधानी के विभिन्न निगम वार्डों में रात के समय रोशनी की स्थिति बेहद खराब है। अंधेरे के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है और सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बनी रहती हैं। उन्होंने मांग की कि प्रत्येक निगम पार्षद को अपने वार्ड में जरूरत के अनुसार लगाने के लिए कम से कम 50 स्ट्रीट लाइट और 10 बिजली के खंभे उपलब्ध कराए जाएं। इस पर महापौर प्रवेश वाही ने जल्द ही सभी पार्षदों को निर्धारित संख्या में स्ट्रीट लाइट और बिजली के खंभे देने की घोषणा की।
मुकेश गोयल ने गरीब परिवारों को रोजगार से जोड़ने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से एमसीडी की ओर से गरीबों को रोजगार में मदद देने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने महापौर से मांग की कि प्रत्येक निगम पार्षद को गरीब महिलाओं की आर्थिक मदद और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए कम से कम 10-10 सिलाई मशीनें उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने दिल्लीवासियों के हितों से जुड़ी पिछले बजट की घोषणाओं को भी जल्द से जल्द लागू करने की मांग की। महापौर प्रवेश वाही ने आश्वासन दिया कि पिछले बजट से जुड़ी अन्य घोषणाओं पर भी अमल किया जाएगा।
मुकेश गोयल ने आम आदमी पार्टी के पार्षदों को सदन की कार्यवाही बाधित करने के बजाय जनता से जुड़े मुद्दों पर काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को सदन की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ाने से बचना चाहिए। यदि विपक्षी पार्षदों ने पिछली बैठक को सुचारु रूप से चलने दिया होता तो स्ट्रीट लाइट और बिजली के खंभों की समस्या का समाधान एक महीने पहले ही हो सकता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष हर मुद्दे पर राजनीति करना चाहता है, जबकि जनता की सुविधाओं और बुनियादी समस्याओं से जुड़े विषयों पर गंभीरता दिखाने की जरूरत है।
