नार्थ एमसीडी के 2500 करोड़ रूपये के किराये घोटाले का मामला पहुंचा कोर्ट…

उत्तरी दिल्ली नगर निगम में नेता सदन छैल बिहारी गोस्वामी ने आज जानकारी देते हुए बताया कि माननीय न्यायालय द्वारा आज आम आदमी पार्टी के नेता  सतेंद्र जैन,  आतिशी मार्लेना,  सौरभ भारद्वाज,  राघव चड्ढा व  दुर्गेश पाठक को उत्तरी दिल्ली नगर निगम पर लगाए गए 2500 करोड़ रूपये के किराये घोटाले के संबंध में समन जारी किया गया है।

 छैल बिहारी गोस्वामी ने बताया है कि उनके द्वारा आप नेताओं के ख़िलाफ़ मानहानि का मुक़दमा माननीय न्यायालय में दायर किया गया था जिसके अंतर्गत इन नेताओं को समन जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि आप पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया था कि भाजपा के नेता व उनके पार्षदों ने ये 2500 करोड़ रूपये का घोटाला किया है।आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा था कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने दक्षिणी दिल्ली नगर निगम से 2457 करोड़ रुपये का किराया न लेकर घोटाला किया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष स्थायी समिति अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने इस झूठ को बेनक़ाब किया था और आज माननीय न्यायालय द्वारा आम आदमी पार्टी के नेताओं को इस संबंध में समन जारी किया गया है।

 छैल बिहारी गोस्वामी ने बताया कि आम आदमी पार्टी उत्तरी दिल्ली नगर निगम पर झूठे आरोप लगाकर दिल्ली के नागरिकों को गुमराह करना चाहती है ताकि वो आगामी निगम चुनावों में इसका फ़ायदा ले सके। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी के आरोप हमेशा तथ्यहीन व सच्चाई से दूर होते हैं जिससे दिल्ली की जनता भली भाँति जानती है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.