नई दिल्ली।दिल्ली नगर निगम के स्कूलों को बंद कर वहां आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने के आरोपों पर सियासत गरमा गई है। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग के बयान को “झूठ का पुलिंदा” करार देते हुए कहा कि निगम का कोई भी प्राथमिक विद्यालय बंद नहीं किया गया है।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि लगभग डेढ़ साल पहले जब भाजपा की सरकार दिल्ली में बनी और नगर निगम प्रशासन में भी भाजपा की वापसी हुई, तब दिल्ली नगर निगम के 1514 स्कूल संचालित थे, जहां करीब 6.50 लाख छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि आज भी सभी 1514 प्राथमिक विद्यालय पूरी तरह चालू हैं और छात्रों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है।
महापौर ने कहा कि भाजपा सरकार निगम स्कूलों के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि वर्ष 2032 तक दिल्ली नगर निगम के सभी स्कूलों को अंग्रेज़ी माध्यम निजी स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, ताकि निगम स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली नगर निगम स्कूलों को नई दिशा देने का कार्य किया जा रहा है। निगम प्रशासन “निगम श्री विद्यालय” की अवधारणा पर काम कर रहा है, जिससे सरकारी शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
महापौर प्रवेश वाही ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि AAP अब केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित होकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता दिल्ली की जनता की समस्याओं और विकास कार्यों से कट चुके हैं तथा सिर्फ़ झूठे आरोप लगाकर राजनीति कर रहे हैं।
