नई दिल्ली। मोदी सरकार के सफल एवं जनसेवा को समर्पित 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित दिल्ली भाजपा की प्रदेश संगठनात्मक बैठक में दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियों और संगठन की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में नए प्रतिमान स्थापित किए हैं। गरीब कल्याण योजनाओं, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत अभियान और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह दौर “नए भारत” के निर्माण का सशक्त प्रतीक बन चुका है।
बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, निर्वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, संगठन मंत्री, सांसद, मंत्री, विधायक एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं का उत्साह, परिश्रम और राष्ट्रसेवा का भाव ही भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के संकल्प को लेकर जनसेवा और संगठन विस्तार के कार्यों में पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।
