सार्थक-PDS योजना से राशन वितरण होगा पारदर्शी और भरोसेमंद : जय भगवान यादव

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम में नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि अब गरीबों को उनका हक पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार की “सार्थक-PDS” योजना का स्वागत करते हुए कहा कि यह योजना सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक स्मार्ट, तेज और भरोसेमंद बनाएगी।

जय भगवान यादव ने कहा कि नई तकनीक आधारित व्यवस्था लागू होने से राशन वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि पात्र लोगों तक समय पर और सही मात्रा में राशन पहुंचे, ताकि किसी भी गरीब परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि “सार्थक-PDS” योजना के माध्यम से डिजिटल निगरानी और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे फर्जीवाड़े और कालाबाजारी पर रोक लगेगी। इसके साथ ही लाभार्थियों को बेहतर सुविधा और तेज सेवा मिल सकेगी।

जय भगवान यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं और यह योजना भी उसी सोच का हिस्सा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे लाखों जरूरतमंद परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा और राशन व्यवस्था में लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।