दिल्ली भाजपा के महाप्रशिक्षण अभियान का अंतिम चरण शुरू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को दिया 27 साल तक सरकार बनाए रखने का मंत्र

इसके अलावा हर्ष मल्होत्रा केशवपुरम जिले में और वीरेन्द्र सचदेवा चांदनी चौक जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" को कार्यकर्ताओं के साथ सुनेंगे।

नई दिल्ली, 30 मई। दिल्ली भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के तहत चांदनी चौक और केशवपुरम जिलों में दो दिवसीय मंडल एवं जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविरों का शुभारंभ हो गया। अभियान के अंतिम चरण में आयोजित इन शिविरों में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, संगठन महामंत्री पवन राणा, सांसद प्रवीन खंडेलवाल, सांसद बांसुरी स्वराज समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 27 वर्षों बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है और अब लक्ष्य इसे अगले 27 वर्षों तक बनाए रखना होना चाहिए। इसके लिए केंद्र और दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का इतिहास गौरवशाली रहा है और भविष्य भी उज्ज्वल रहेगा, क्योंकि पार्टी के कार्यकर्ताओं में राष्ट्रवाद, समर्पण, संगठन विस्तार, त्याग और सुशासन का भाव मौजूद है।मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन निरंतर नई सीख देता है। भाजपा को सत्ता तक पहुंचाने और विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाने का सफर शून्य से शुरू हुआ था, जिसे लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम और शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन ने संभव बनाया। उन्होंने कहा कि सफलता के बावजूद संगठन को लगातार मजबूत बनाना ही भाजपा की पहचान है।

इस अवसर पर संगठन महामंत्री पवन राणा ने विचार परिवार विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार और जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि संघ आज भी 74 स्वयंसेवी संस्थाओं के विशाल परिवार के रूप में कार्य कर रहा है और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों के आधार पर भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है।चांदनी चौक जिले के प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ संगठन महामंत्री पवन राणा ने दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं प्रशिक्षण स्थल पर लगी संगठन यात्रा और केंद्र, दिल्ली एवं नगर निगम सरकारों की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल और जिला अध्यक्ष अरविंद गर्ग की उपस्थिति में किया। केशवपुरम जिले के शिविर का उद्घाटन प्रशिक्षण टोली के सह-प्रमुख डॉ. सुमित भसीन ने किया।दिनभर चले सात प्रशिक्षण सत्रों में विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ नेताओं ने मार्गदर्शन दिया। पूर्व महापौर जयप्रकाश ने वैचारिक अधिष्ठान, विधायक राजकुमार भाटिया ने कार्य विस्तार, प्रदेश उपाध्यक्ष योगिता सिंह और कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग ने पार्टी के स्थायी कार्यक्रमों, जबकि पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी ने एसआईआर विषय पर सत्र लिया।

सांसद बांसुरी स्वराज ने देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की, जबकि सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने केंद्र और दिल्ली सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। वरिष्ठ नेता सुभाष सचदेवा ने पार्टी के इतिहास और विकास पर प्रकाश डाला।रविवार को आयोजित होने वाले दूसरे दिन के सत्रों में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, संगठन महामंत्री पवन राणा, सांसद प्रवीन खंडेलवाल और मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

इसके अलावा हर्ष मल्होत्रा केशवपुरम जिले में और वीरेन्द्र सचदेवा चांदनी चौक जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” को कार्यकर्ताओं के साथ सुनेंगे।

 

प्रशिक्षण शिविर को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और भाजपा सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।