41 कर्मचारी हुए पक्के, रिटायरमेंट से ठीक पहले मिली दो कर्मचारियों को बड़ी सौगात; परिवारों में खुशी का माहौल
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के डेम्स (DEMS) विभाग द्वारा 29 मई 2026 को जारी की गई सूची में 41 कच्चे एवं करुणामूलक आधार पर नियुक्त कर्मचारियों को नियमित (पक्का) किए जाने की घोषणा की गई है। इस निर्णय से कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। इस बार विशेष प्रयास कर उन कर्मचारियों को प्राथमिकता दी गई जो मई और जून माह में सेवानिवृत्त होने वाले थे, ताकि उन्हें नियमित कर्मचारी के रूप में मिलने वाले सभी सरकारी लाभ प्राप्त हो सकें।इसी क्रम में शाहदरा साउथ ज़ोन के कर्मचारी सीताराम, जो 31 मई को सेवानिवृत्त होने वाले थे, उन्हें रिटायरमेंट से ठीक पहले नियमित कर दिया गया। वहीं सिविल लाइन ज़ोन के कर्मचारी मंगलू, जो जून माह में सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें भी नियमित कर्मचारियों की सूची में शामिल किया गया है। इससे दोनों कर्मचारियों को पेंशन सहित अन्य सेवा लाभों का पूरा लाभ मिल सकेगा।
डेम्स चेयरमैन संदीप कपूर ने कहा कि वर्षों से निगम की सेवा कर रहे कर्मचारियों को उनका अधिकार दिलाना डेम्स कमेटी की प्राथमिकता रही है। उन्होंने नियमित हुए सभी 41 कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नियमितीकरण की खबर मिलते ही कर्मचारियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई। कर्मचारियों ने डेम्स कमेटी और निगम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस फैसले से उन्हें आर्थिक सुरक्षा और सम्मान मिला है। लंबे समय से चली आ रही उनकी मांग पूरी होने से परिवारों में उत्साह का माहौल है।
