नई दिल्ली। दिल्ली कांग्रेस नेत्री नाज़िया दानिश ने गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र की राजगढ़ कॉलोनी स्थित मिनी स्टेडियम की चारदीवारी निर्माण में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नाज़िया दानिश ने कहा कि राजधानी में विकास कार्यों के नाम पर जनता के पैसे का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि मिनी स्टेडियम की नई दीवार के निर्माण के लिए टेंडर जारी होने के बावजूद पुरानी दीवार को ही प्लास्टर और रंग-रोगन कर नया दिखाने की कोशिश की गई। यदि यह आरोप सही हैं तो यह सीधे तौर पर सरकारी धन की बर्बादी और भ्रष्टाचार का मामला है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता पारदर्शिता और जवाबदेही चाहती है, लेकिन नगर निगम में लगातार सामने आ रहे मामलों से यह प्रतीत होता है कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों तथा ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
नाज़िया दानिश ने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी में भ्रष्टाचार के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर केवल आश्वासन दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि टेंडर की शर्तों का उल्लंघन हुआ है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और जनता को बताया जाना चाहिए कि निर्माण कार्यों पर खर्च हो रहा पैसा आखिर कहां जा रहा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को मजबूत बुनियादी सुविधाएं चाहिए, न कि कागजों पर विकास और जमीनी स्तर पर भ्रष्टाचार। कांग्रेस जनता के हितों से जुड़े इस मुद्दे को उठाती रहेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आवाज बुलंद करती रहेगी।
