लाला देशबंधु गुप्ता के आदर्श आज भी प्रेरणास्रोत : महापौर प्रवेश वाही

नई दिल्ली। दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही ने स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी, समाज सुधारक, पत्रकार एवं संविधान सभा के सदस्य लाला देशबंधु गुप्ता को उनके जन्मदिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अजमेरी गेट स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद सुश्री किरण राकेश बाला, निगम के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि लाला देशबंधु गुप्ता केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी समाज सुधारक, पत्रकार, संविधान निर्माता और जननेता भी थे। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि देशबंधु गुप्ता का विश्वास था कि संविधान सभा द्वारा निर्मित संविधान देश के लोगों के लिए सबसे बेहतर और सुविचारित दस्तावेज है।

महापौर ने बताया कि हरियाणा को पंजाब से अलग राज्य का दर्जा दिलाने में लाला देशबंधु गुप्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। इसके साथ ही वे दिल्ली को पूर्ण विधानसभा का अधिकार दिलाने के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में उनकी पुष्टि हो चुकी थी, लेकिन दुर्भाग्यवश एक विमान दुर्घटना में उनका निधन हो गया, जिससे दिल्ली ने अपना एक सशक्त पक्षधर खो दिया।

श्री वाही ने कहा कि देशबंधु गुप्ता ने अपनी पत्रकारिता के माध्यम से भी स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने अपने उर्दू समाचार पत्र “द तेज” के जरिए लोगों में राष्ट्रभक्ति और आजादी की चेतना का संचार किया। वे एक ओजस्वी वक्ता भी थे, जिनके भाषण लोगों को देशहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करते थे।

महापौर ने कहा कि लाला देशबंधु गुप्ता का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है तथा उनके आदर्श आज भी देशवासियों को प्रेरित करते हैं।