यमुना सफाई अभियान में उतरे महापौर प्रवेश वाही, दो घंटे किया श्रमदान

नई दिल्ली। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने रविवार को सोनिया विहार स्थित ढाई पुश्ता क्षेत्र में आयोजित “माँ यमुना तट : स्वच्छता अभियान” में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए यमुना तट की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, स्थानीय निवासी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने स्वयं करीब दो घंटे तक श्रमदान करते हुए यमुना तट की सफाई की और नागरिकों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में योगदान दिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में यमुना नदी के 28 प्रमुख घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य यमुना को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाना है।महापौर ने कहा कि यमुना तटों से कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाने के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल दो घंटे की सफाई के बाद ही घाटों पर सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगा है और यदि सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएं तो यमुना को स्वच्छ बनाए रखना संभव है।

उन्होंने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार है। इसकी स्वच्छता और संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पूजा सामग्री, फूल-मालाएं, प्लास्टिक, कपड़े तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री यमुना में न डालें और सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचें।महापौर ने अभियान में शामिल स्वयंसेवकों, स्थानीय निवासियों, सफाई कर्मचारियों और विभिन्न संस्थाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छ और स्वस्थ दिल्ली का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दिल्ली नगर निगम यमुना तटों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता से जुड़े अभियानों को आगे भी लगातार जारी रखेगा।

अभियान के दौरान उपस्थित लोगों ने यमुना को स्वच्छ बनाए रखने और नदी में किसी भी प्रकार का कचरा या प्रदूषण फैलाने वाली सामग्री न डालने का संकल्प भी लिया। यह अभियान स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल दिल्ली के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।