नई दिल्ली। रोहिणी सेक्टर-7 स्थित नगर निगम आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आज दिल्ली नगर निगम के नेता सदन एवं स्थायी समिति के सदस्य जय भगवान यादव ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाइयों के स्टॉक तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के समय स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ अपनी ड्यूटी पर मौजूद मिला। साथ ही आवश्यक दवाइयां भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाई गईं। जय भगवान यादव ने केंद्र में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और मरीजों को बेहतर उपचार एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निगम के स्वास्थ्य केंद्रों में नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं ताकि व्यवस्थाओं की निगरानी हो सके और किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर किया जा सके।

औचक निरीक्षण के दौरान केंद्र की साफ-सफाई, दवा वितरण व्यवस्था और स्टाफ की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई। स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से मिलती रहें, इसके लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
