दिल्ली भाजपा ने 11 संगठनात्मक जिलों के पदाधिकारियों की सूची जारी, महिलाओं और युवाओं को मिला प्रमुख स्थान
नई दिल्ली, 27 जून। दिल्ली भाजपा ने अपने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 11 संगठनात्मक जिलों के जिला पदाधिकारियों तथा कुछ मंडल अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है। यह घोषणा दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और वरिष्ठ नेतृत्व की सहमति से की गई।
जारी सूची के अनुसार 11 संगठनात्मक जिलों के जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों के पदाधिकारियों की विधिवत घोषणा कर दी है। वहीं उत्तर बाहरी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली और नजफगढ़ जिलों की पदाधिकारी सूची वर्तमान जिला अध्यक्षों से परामर्श के बाद उचित समय पर जारी की जाएगी। इसके साथ ही कुछ नए मंडल अध्यक्षों की भी घोषणा की गई है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि संगठन विस्तार में महिला सशक्तिकरण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व की प्रतिबद्धता के अनुरूप नई टीम में 33 प्रतिशत महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जबकि युवाओं को भी पर्याप्त अवसर देकर संगठन में नई ऊर्जा का संचार किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के पदाधिकारियों की नियुक्ति में सभी निर्धारित मानकों का पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ पालन किया गया है।हर्ष मल्होत्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि नई संगठनात्मक व्यवस्था पार्टी को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाएगी तथा दिल्ली की जनता की सेवा, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियानों को नई गति प्रदान करेगी।
