नई दिल्ली, 2जुलाई। दिल्ली नगर निगम ने राजधानी की सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नरेला क्षेत्र के सफाई बेड़े में 56 नए वाहन शामिल किए। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नए बेड़े में 32 ऑटो टिप्पर, 16 हाइवा ट्रक और 8 जेसीबी मशीनें शामिल हैं। इससे पहले रोहिणी, शाहदरा उत्तरी और शाहदरा दक्षिणी क्षेत्रों में भी अतिरिक्त वाहन शामिल किए जा चुके हैं।

इस अवसर पर सांसद योगेंद्र चांदोलिया, नेता सदन जय भगवान यादव, ग्रामीण समिति के अध्यक्ष योगेश राणा, नरेला क्षेत्र की अध्यक्ष बबीता डबास, उपाध्यक्ष जनता देवी, पार्षद अंजू देवी, मनोनीत सदस्य विनोद सहरावत एवं लक्ष्मण आर्य, नरेला के उपायुक्त राघवेंद्र मीणा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर प्रवेश वाही ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नए वाहनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए और मुख्य सड़कों पर कहीं भी कूड़ा दिखाई नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब की ओर से दिल्ली में प्रवेश करने वालों के लिए नरेला पहला क्षेत्र है, इसलिए यहां की स्वच्छता राजधानी की सकारात्मक पहचान प्रस्तुत करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली नगर निगम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे कचरे को चार श्रेणियों में अलग-अलग करके ही कूड़ा गाड़ियों में डालें और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें।
महापौर ने यह भी कहा कि निगम सफाई कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखते हुए उन्हें नियमित करने की दिशा में कार्य कर रहा है तथा हाल ही में उनकी वरिष्ठता सूची भी जारी की गई है।

सांसद योगेंद्र चांदोलिया ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। वहीं नेता सदन जय भगवान यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वाहन नियमित रूप से संचालित हों और नरेला को दिल्ली के सबसे स्वच्छ क्षेत्रों में शामिल किया जाए।
